बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान ने आखिरकार सोशल मीडिया की दुनिया में कदम रख दिया है। लंबे समय तक सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने वाले अभिनेता ने 11 अक्टूबर को अपना आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट शुरू किया। उन्होंने इसी दिन अपनी पहली पोस्ट भी साझा की, जिसके बाद प्रशंसकों में उत्साह देखने को मिला।
सैफ ने पहली पोस्ट में पटौदी पैलेस की भव्य लाइब्रेरी में खिंचवाई गई तस्वीरें साझा कीं। इसके साथ उन्होंने लिखा, ‘पटौदी लाइब्रेरी, किताबों को उनके कवर से जज करते हुए।’ उनकी तस्वीरों में शाही परिवेश और किताबों से सजी लाइब्रेरी की झलक दिखाई दी।
पत्नी करीना कपूर को ही करते हैं फॉलो
अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर अली खान पटौदी नाम से अपना खाता बनाया है। अकाउंट शुरू होते ही उनके प्रशंसकों की संख्या बढ़ने लगी। खास बात यह है कि वह अपने खाते से केवल पत्नी करीना कपूर खान को फॉलो कर रहे हैं। लंबे समय से उनकी सोशल मीडिया पर मौजूदगी का इंतजार कर रहे प्रशंसकों के लिए यह खास मौका रहा।
सोशल मीडिया से दूरी पसंद करते थे सैफ
सैफ अली खान पहले भी सोशल मीडिया को लेकर अपनी राय रख चुके हैं। वर्ष 2024 में एक साक्षात्कार के दौरान उन्होंने बताया था कि उनके पास इंस्टाग्राम का एक निजी खाता है, जिसके जरिए वह कभी-कभी सामग्री देखते थे। हालांकि, उन्हें सोशल मीडिया पर ज्यादा समय बिताना पसंद नहीं था।
अभिनेता ने कहा था कि सोशल मीडिया से दूर रहकर उन्हें सुकून मिलता है। वह ऐसी स्थिति से भी बचना चाहते थे, जहां उनसे दूसरों की चीजों का प्रचार करने की अपेक्षा की जाए। अब आधिकारिक खाता शुरू करने के बाद प्रशंसकों की नजर इस बात पर रहेगी कि वह आगे किस तरह अपनी निजी और पेशेवर जिंदगी से जुड़ी झलकियां साझा करते हैं।










