भागलपुर, 12 अक्टूबर।
बिहार के भागलपुर जिले के खरीक प्रखंड स्थित राघोपुर के महादेवपुर गांव में गंगा नदी का कटाव लगातार तेज हो रहा है। सोमवार को कटाव निरोधी कार्यों की निगरानी के दौरान बड़ा हादसा टल गया। बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारी और अभियंता जिस पक्के मकान में बैठकर काम की समीक्षा कर रहे थे, वह अचानक ढहकर नदी में समा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मकान के भीतर विभागीय टीम राहत कार्यों की योजना बना रही थी और मजदूरों को निर्देश दे रही थी। इसी दौरान गंगा की तेज धारा ने भवन के नीचे की जमीन काट दी। खतरे को भांपकर अधिकारियों और अभियंताओं ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। उनके निकलते ही मकान का बड़ा हिस्सा नदी में समा गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इस घटना से कटाव निरोधी कार्यों की प्रभावशीलता पर सवाल उठने लगे हैं। जिस स्थान पर जियो बैग और अन्य सामग्री डालकर कटाव रोकने के प्रयास किए जा रहे थे, वहां की जमीन ही नदी में बह गई।
महादेवपुर के ग्रामीणों में भय और नाराजगी है। गांव के दर्जनों घरों पर कटाव का खतरा मंडरा रहा है। लोगों को आशंका है कि कटाव जारी रहने पर उनके खेत, खलिहान और मकान भी नदी में समा सकते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। अब प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग के सामने गांव को बचाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की चुनौती है।














