लोकप्रिय एनिमेटेड पौराणिक सीरीज ‘द लीजेंड ऑफ हनुमान’ के सातवें सीजन का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। ग्राफिक इंडिया के निर्माण और शरद देवराजन के सह-निर्माण में तैयार इस सीजन का प्रीमियर 23 अक्टूबर 2026 को जियोहॉटस्टार पर होगा। नई कहानी में हनुमान की अब तक की सबसे चुनौतीपूर्ण यात्रा दिखाई जाएगी।
रावण के विरुद्ध निर्णायक युद्ध की कहानी
नए सीजन में लंका का युद्ध निर्णायक मोड़ पर पहुंचता है और रावण अपने सबसे शक्तिशाली रूप में दिखाई देता है। वानर सेना के निराश होने के बीच हनुमान रावण का अंत करने वाले अस्त्र की खोज में निकलते हैं। उनकी यह यात्रा युद्धभूमि से आगे समय के अलग-अलग पड़ावों और मृत्यु के साम्राज्य तक पहुंचती है।
इस दौरान हनुमान अपनी दिव्यता और असीम शक्तियों से जुड़े कई रहस्यों को जानेंगे। कहानी में रोमांच और एक्शन के साथ आस्था, मित्रता तथा भावनात्मक प्रसंगों को भी प्रमुखता दी गई है।
शरद केलकर फिर देंगे रावण को आवाज
सातवें सीजन में शरद केलकर एक बार फिर रावण के किरदार को अपनी आवाज देंगे। निर्माता और लेखक शरद देवराजन के अनुसार, इस बार कहानी का विस्तार किया गया है और हनुमान की यात्रा को नए अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा।
सीरीज का निर्देशन जीवन जे. कांग और नवीन जॉन ने किया है। इसकी पटकथा शरद देवराजन, जीवन जे. कांग, सरवत चड्ढा और शिवांगी सिंह ने लिखी है। दर्शक 23 अक्टूबर से इस नए सीजन को विशेष रूप से जियोहॉटस्टार पर देख सकेंगे।










