अहमदाबाद, 13 अक्टूबर।
अहमदाबाद स्थित वीर सावरकर खेल परिसर में आयोजित एकदिवसीय 'ब्रिक्स पारंपरिक एवं स्वदेशी प्रदर्शन खेल 2026' में भारतीय योगासन ने चीन और दक्षिण अफ्रीका सहित 10 देशों के प्रतिनिधियों को गहराई से प्रभावित किया। लगभग 160 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की सहभागिता वाले इस आयोजन में चीन के वुशू, कजाखस्तान के तोगुजकुमालक, ब्राजील के जिउ-जित्सु तथा भारत के मल्लखंभ और कलारीपयट्टू जैसे पारंपरिक खेलों का अनूठा संगम देखने को मिला। विभिन्न खेल विधाओं के बीच भारतीय योगासन और मल्लखंभ की हैरतअंगेज प्रस्तुति दर्शकों और विदेशी मेहमानों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। दक्षिण अफ्रीका और चीन के दल प्रमुखों ने भारतीय योगासन की सराहना करते हुए इसे शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी बताया।
इस वैश्विक आयोजन ने खेलों के माध्यम से ब्रिक्स राष्ट्रों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और आपसी मित्रता को एक नया आयाम दिया है। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने न केवल अपनी सांस्कृतिक धरोहर का प्रदर्शन किया, बल्कि एक-दूसरे से खेल की विभिन्न तकनीकें भी सीखीं। आयोजन में भाग लेने आए रूसी व चीनी प्रतिनिधियों ने भारत के गर्मजोशी भरे आतिथ्य, विविध व्यंजनों और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की खुलकर तारीफ की। 50 सदस्यीय सबसे बड़े भारतीय दल के साथ शुरू हुए इस बहुसांस्कृतिक खेल महोत्सव में बेलारूस, बोलीविया, ईरान और संयुक्त अरब अमीरात जैसे देशों ने भी अपनी पारंपरिक खेल विधाओं का भव्य प्रदर्शन किया।











