डिब्रूगढ़, 14 अक्टूबर।
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को डिब्रूगढ़ के खनिकर में प्रस्तावित दूसरे विधानसभा परिसर के निर्माण स्थल का जायजा लिया। उन्होंने खनिकर बहुउद्देशीय खेल परियोजना के कामकाज की भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने संबंधित एजेंसियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने, बेहतर समन्वय बनाए रखने और निर्माण गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।
विधानसभा परिसर के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से परियोजना की प्रगति और अन्य पहलुओं की जानकारी ली। इसके निर्माण के लिए 30 महीने की समयसीमा तय की गई है। उन्होंने निर्धारित अवधि में काम पूरा करने पर जोर दिया।
प्रस्तावित परिसर में मुख्य विधानसभा भवन, विधायकों के आवास, 800 लोगों की क्षमता वाला सभागार और अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग से कहा कि परिसर की वास्तुकला और स्वरूप असम की प्रगति तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा के अनुरूप होना चाहिए।
इसके बाद उन्होंने खनिकर की बहुउद्देशीय खेल परियोजना का निरीक्षण किया और इसे आधुनिक खेल परिसर के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह परिसर भविष्य के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, प्रतिभा प्रदर्शन और उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर उपलब्ध कराने वाली स्थायी संपत्ति बनना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक तरंग गोगोई, प्रशांत फूकन और संजय किसान के साथ लोक निर्माण विभाग के विशेष आयुक्त एवं विशेष सचिव राज चक्रवर्ती तथा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।














