मुंबई, 14 अक्टूबर।
निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' में लंकापति रावण का किरदार निभा रहे दक्षिण भारतीय अभिनेता यश के लुक को लेकर बॉलीवुड अभिनेता आर्य बब्बर ने अपनी राय व्यक्त की है। रंगमंच पर 'महाबली' नाटक में रावण की भूमिका निभा रहे आर्य ने एक साक्षात्कार में कहा कि यश का रावण अवतार उन्हें पहली नजर में उनकी ब्लॉकबस्टर फिल्म 'केजीएफ' की याद दिलाता है और इसमें कुछ खास नयापन नजर नहीं आता। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केवल लुक के आधार पर निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी और पूरी फिल्म देखने के बाद ही उनके अभिनय का सटीक मूल्यांकन किया जा सकता है।
बातचीत के दौरान आर्य बब्बर ने फिल्म 'आदिपुरुष' में सैफ अली खान के प्रदर्शन का बचाव करते हुए कहा कि किसी किरदार के चित्रण के लिए केवल कलाकार को दोषी ठहराना अनुचित है, क्योंकि अभिनेता निर्देशक की सोच के अनुसार ही काम करता है। उल्लेखनीय है कि नमित मल्होत्रा के निर्माण में दो भागों में बन रही इस भव्य फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर को रिलीज होना तय हुआ है। इसमें रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, रवि दुबे लक्ष्मण तथा सनी देओल हनुमान के रूप में दिखाई देंगे, जबकि लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, अरुण गोविल और विवेक ओबेरॉय भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।










