नई दिल्ली, 14 अक्टूबर।
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के अनुसार इस वर्ष नवरात्रि से लेकर दीपावली तक के त्योहारी सीजन में देशभर में 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार होने की उम्मीद है। यह आंकड़ा पिछले वर्ष दर्ज किए गए रिकॉर्ड व्यापार से लगभग 15 से 18 प्रतिशत अधिक है। चांदनी चौक से भाजपा सांसद एवं कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने बताया कि राज्यों के प्रमुख व्यापारिक संगठनों, उपभोक्ता मांग, ग्रामीण तथा अर्ध-शहरी बाजारों की सक्रियता और स्थानीय उत्पादों की बढ़ती खपत के आधार पर यह आकलन किया गया है। अनुमानित व्यापार में किराना व एफएमसीजी की 12 प्रतिशत, आभूषणों की 10 प्रतिशत तथा इलेक्ट्रॉनिक्स, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स व रेडीमेड कपड़ों की 7-7 प्रतिशत हिस्सेदारी रहने की संभावना है।
इस त्योहारी सीजन में वस्तु व्यापार के साथ-साथ सेवा क्षेत्र की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगी। परिवहन, लॉजिस्टिक्स, ई-कॉमर्स, होटल, इवेंट मैनेजमेंट और कैटरिंग जैसी सेवाओं में 20 से 25 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है, जिससे सेवा क्षेत्र का कारोबार 80 हजार करोड़ से 1 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है। प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि व्यापार में यह उछाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'वोकल फॉर लोकल', 'मेड इन इंडिया' और 'आत्मनिर्भर भारत' के आह्वान को मिल रही व्यापक जन-स्वीकार्यता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों, कारीगरों व एमएसएमई को तरजीह देकर भारतीय उपभोक्ता 'स्थानीय से राष्ट्रीय और राष्ट्रीय से वैश्विक' की भावना को और मजबूत कर रहे हैं।














