देहरादून, 14 अक्टूबर।
उत्तराखंड में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने देहरादून के राजकीय दून मेडिकल कॉलेज और विकासनगर स्थित देवभूमि विश्वविद्यालय के मेस-कैफेटेरिया बंद करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण में जरूरी दस्तावेजों की कमी, अस्वच्छता और कीट नियंत्रण में लापरवाही सामने आई। जांच के लिए 10 खाद्य नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
आयुक्त विनय शंकर पांडेय के निर्देश पर टीमों ने दोनों संस्थानों में औचक जांच की। दून मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं के मेस और कैफेटेरिया में कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, पानी की जांच रिपोर्ट, वैध खाद्य लाइसेंस और कीट नियंत्रण संबंधी दस्तावेज नहीं मिले। स्टोर में जंग लगी अलमारियां और कॉकरोच भी पाए गए। खुली हल्दी, दही, छोले, दाल और वसा मिश्रित खाद्य पदार्थ के नमूने लिए गए।
देवभूमि विश्वविद्यालय की रसोई में भी जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। यहां दाल मखनी मसाला, राजमा मसाला, अरहर दाल और पालक-आलू की सब्जी के नमूने लिए गए। नंदा की चौकी स्थित एक प्रतिष्ठान से पनीर का नमूना भी जांच के लिए भेजा गया।
विभाग ने संस्थानों को निर्धारित समय में कमियां दूर करने के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी। जरूरत पड़ने पर खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित या रद्द किए जा सकते हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भोजन की स्वच्छता और गुणवत्ता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।














