नई दिल्ली, 15 अक्टूबर।
जापान के आइची-नागोया में 18 से 24 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले पांचवें पैरा एशियाई खेलों में भारत के 168 खिलाड़ी 11 खेलों में पदक जीतने के लिए उतरेंगे। इस प्रतियोगिता में 45 देशों के खिलाड़ी 19 खेलों में हिस्सा लेंगे। भारतीय दल का लक्ष्य पिछले संस्करण के प्रदर्शन को दोहराने के साथ उसमें सुधार करना है। चीन के हांगझोऊ में हुए पिछले पैरा एशियाई खेलों में भारत ने 27 स्वर्ण सहित कुल 108 पदक जीतकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। इस बार भारतीय टीम में दो बार के पैरालंपिक चैंपियन सुमित अंतिल और अवनी लेखरा भी शामिल हैं। सुमित भाला फेंक की एफ-64 स्पर्धा में, जबकि अवनी महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में अपने खिताब का बचाव करने उतरेंगी।
खेलवार दल में दृष्टिबाधित फुटबॉल के 10, बोच्चिया के दो, पैरा तीरंदाजी के 11, पैरा एथलेटिक्स के 62, पैरा बैडमिंटन के 28, पैरा साइकिलिंग का एक, पैरा जूडो के सात, पैरा पावरलिफ्टिंग के आठ, पैरा निशानेबाजी के 13, पैरा तैराकी के 16 और पैरा टेबल टेनिस के 10 खिलाड़ी शामिल हैं।भारतीय दल में दृष्टिबाधित फुटबॉल के बोजे मारबोम, क्लिंगसन मराक, प्रदीप पटेल, साहिल, शिवम सिंह, सोवेंद्र सिंह, तुषार कुमार, विष्णुभतेजुबा वाघेला, आदित्य सजवान और सुजीत पुथनकट्टुनिकरथ सासी हिस्सा लेंगे। बोच्चिया में सचिन चमारिया और अंजलि देवी, जबकि पैरा तीरंदाजी में हरविंदर सिंह, विजय सुंडी, तोमन कुमार, श्याम सुंदर स्वामी और शीतल देवी सहित 11 खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे।
पैरा एथलेटिक्स में 62 खिलाड़ियों का सबसे बड़ा दल है, जिसमें सुमित अंतिल, निषाद कुमार, देवेंद्र कुमार, नवदीप, प्रवीण कुमार और दीप्ति जीवनजी सहित अन्य खिलाड़ी शामिल हैं। पैरा बैडमिंटन में मनीषा रामदास, नित्या श्री सुमति शिवन, प्रमोद भगत, कृष्णा नागर और सुहास यथिराज जैसे खिलाड़ी उतरेंगे। पैरा साइकिलिंग में अरशद शेख, पैरा जूडो में कपिल परमार और रेणुका नारायण सालवे, जबकि पावरलिफ्टिंग में सुमन देवी, जसप्रीत कौर और सीमा रानी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। निशानेबाजी में अवनी लेखरा, मनीष नरवाल और मोना अग्रवाल, तैराकी में सुयश नारायण जाधव और वैष्णवी विनोद जगताप तथा टेबल टेनिस में भाविनाबेन पटेल, सोनलबेन पटेल और एकता भयान सहित खिलाड़ी मैदान में होंगे। भारतीय दल से उम्मीद है कि वह पिछले संस्करण की पदक उपलब्धि को आगे बढ़ाते हुए देश का प्रदर्शन और बेहतर करेगा।











