कुलदीप को बाहर रखने पर उठाए सवाल
अश्विन ने गुरुवार को अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि वेस्टइंडीज के बल्लेबाज कुलदीप की गुगली और लेग स्पिन को समझने में संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें टीम से बाहर रखना समझदारी भरा फैसला नहीं है। उनके मुताबिक, कुलदीप की मौजूदगी से 15 से 20 रन का अंतर पड़ सकता है।
कुलदीप ने लखनऊ और रांची में खेले गए शुरुआती दो मैचों में हिस्सा लिया था। पहले मैच में उन्होंने 33 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि रांची में 53 रन दिए थे। इसके बाद इंदौर और हैदराबाद में हुए मुकाबलों में उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली।
अश्विन ने कहा कि इंदौर के छोटे मैदान को देखते हुए कुलदीप को बाहर रखने का फैसला समझ में आता है, लेकिन रांची में भारत की हार के लिए कुलदीप को जिम्मेदार मानना गलत है। उन्होंने यह भी बताया कि कुलदीप वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे और तीन मैचों में सात विकेट लिए थे।
वेस्टइंडीज ने सीरीज 2-2 से बराबर की
चौथे टी20 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने भारत को 24 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज 2-2 से बराबर कर दी। शाई होप ने नाबाद 102 रन बनाए, जबकि कीमो पॉल ने 41 रन देकर पांच विकेट लिए। 248 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 19.3 ओवर में 223 रन पर सिमट गई।
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने हार के बाद कहा कि टीम गेंदबाजी में अपनी योजनाओं पर अमल नहीं कर सकी। उन्होंने वेस्टइंडीज के गेंदबाजों की बदली परिस्थितियों के अनुसार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रशंसा की।











