जौनपुर, 15 अक्टूबर।
शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन गुरुवार को जौनपुर के मां शीतला चौकियां धाम में स्कंदमाता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर के कपाट सुबह चार बजे खुलते ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। शुरुआती चार घंटों में करीब छह हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। मंदिर में पुजारी ने मां का विशेष श्रृंगार किया और विधि-विधान से पूजन के बाद आरती संपन्न कराई। इस दौरान हवन, मंत्रोच्चार और माता के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा। दर्शन के लिए श्रद्धालु लंबी कतारों में खड़े रहे।

मां शीतला के दर्शन के बाद भक्तों ने मंदिर परिसर के पवित्र कुंड के पास स्थित बाबा काल भैरवनाथ और मां काली मंदिर में भी पूजा की। श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान स्कंद यानी कार्तिकेय की माता होने के कारण देवी दुर्गा के इस स्वरूप को स्कंदमाता कहा जाता है। सिंह पर विराजमान और चार भुजाओं वाली मां स्कंदमाता की आराधना से सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और ज्ञान की प्राप्ति होने की मान्यता है।














