सारण, 17 अक्टूबर।
बिहार के सारण जिले में दुर्गा पूजा के दौरान शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार के नेतृत्व में शनिवार को शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। इससे पहले पुलिस जवानों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और सतर्क रहने को कहा गया।फ्लैग मार्च में सदर-1 के अनुमंडल पुलिस अधिकारी, यातायात पुलिस उपाधीक्षक, नगर थानाध्यक्ष सहित जिला पुलिस, दंगा नियंत्रण बल और त्वरित कार्रवाई दल के जवान शामिल हुए। मार्च नगर थाना चौक से शुरू होकर नगरपालिका चौक और शहर के विभिन्न संवेदनशील मार्गों से गुजरते हुए वापस नगर थाना चौक पर समाप्त हुआ।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या यातायात में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों से दूर रहने और किसी भी असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने या जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 9031036406 पर देने की अपील की है, ताकि त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न हो सके।














