हिसार, 17 अक्टूबर।
पेट्रोलियम कारोबारी प्रमोद गोयल, उनके भाई आनंद गोयल और बेटे अनिरुद्ध गोयल से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में व्यापारियों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है। शनिवार को ऑल हरियाणा पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के हिसार और हांसी के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन से मुलाकात कर आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। संगठन ने सोमवार तक कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया है।
एसोसिएशन के जिला प्रधान राजकुमार सलेमगढ़ ने कहा कि परिवार को लगातार धमकियां मिलने की जानकारी से व्यापारी चिंतित हैं। परिवार के सदस्यों और बच्चों को धमकाए जाने की बात गंभीर है। उन्होंने जांच में तेजी लाकर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस अधीक्षक ने उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।
संगठन ने चेतावनी दी कि सोमवार तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो बैठक कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। प्रतिनिधियों के अनुसार, पूछताछ के लिए पांच से सात संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि धमकी भरे फोन अंतरराष्ट्रीय या फर्जी नंबरों से आने पर भी पुलिस के पास आरोपियों तक पहुंचने के पर्याप्त संसाधन हैं।
पुलिस अधीक्षक से मिलने वालों में एसोसिएशन के सचिव नकुल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अशोक जैन, पवन गोयल सहित अन्य पेट्रोलियम कारोबारी शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने व्यापारियों की सुरक्षा और मामले में शीघ्र कार्रवाई पर जोर दिया।














