टोयोटा, 19 अक्टूबर।
एशियाई पैरा खेल-2026 में भारतीय निशानेबाज मोना अग्रवाल और अवनि लेखरा ने महिला 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच-1 स्पर्धा में स्वर्ण और रजत पदक जीतकर भारत को प्रतियोगिता का पहला पदक दिलाया। फाइनल में मोना ने 250 अंक अर्जित कर स्वर्ण पदक जीता, जबकि अवनि 249.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। दक्षिण कोरिया की युनरी ली ने 227.9 अंक हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम किया। मुकाबले में एक समय पांचवें स्थान पर चल रहीं मोना ने शानदार वापसी करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया। उन्होंने पिछले एशियाई पैरा खेलों में अवनि द्वारा बनाए गए 249.6 अंकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। हालांकि, वह 252 अंकों के विश्व रिकॉर्ड तक नहीं पहुंच सकीं, जो स्लोवाकिया की इरीना श्चेतनिक के नाम दर्ज है। इस प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने के साथ अवनि ने 2028 पैरालंपिक के लिए कोटा स्थान हासिल किया, जबकि मोना पिछले महीने विश्व चैंपियनशिप में ही यह कोटा प्राप्त कर चुकी थीं।
क्वालीफिकेशन राउंड में भी भारतीय निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। मोना ने छह सीरीज में 629.1 अंक जुटाकर पहला स्थान हासिल किया और नया एशियाई पैरा खेल क्वालीफिकेशन रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने चीन की झांग कुइपिंग का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा और 629.4 अंकों के विश्व रिकॉर्ड से केवल 0.3 अंक पीछे रहीं। यह विश्व रिकॉर्ड अवनि लेखरा और स्लोवाकिया की वेरोनिका वादोविचोवा के नाम संयुक्त रूप से दर्ज है। अवनि ने 626.4 अंक हासिल कर क्वालीफिकेशन में दूसरा स्थान प्राप्त किया। दोनों खिलाड़ी पिछले महीने दक्षिण कोरिया के चांगवोन में आयोजित विश्व निशानेबाजी पैरा खेल चैंपियनशिप में भी पदक जीत चुकी हैं। वहां मोना ने 250 अंकों के साथ रजत और अवनि ने 229.4 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल किया था, जबकि सर्बिया की क्रिस्टिना ट्रिफुनोविच ने 250.2 अंकों के साथ स्वर्ण जीता था। मोना ने पेरिस पैरालंपिक-2024 में कांस्य पदक जीता था। अवनि टोक्यो पैरालंपिक में 10 मीटर एयर राइफल एसएच-1 में स्वर्ण और 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन एसएच-1 में कांस्य जीत चुकी हैं। इसके बाद उन्होंने पेरिस पैरालंपिक में भी 10 मीटर एयर राइफल एसएच-1 का स्वर्ण पदक हासिल किया।











