भारत को दिन का पहला स्वर्ण पदक निशानेबाजी में मोना अग्रवाल ने दिलाया। महिलाओं की स्पर्धा में उन्होंने 250 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, पैरालंपिक चैंपियन अवनि लेखरा ने 249.6 अंक के साथ रजत पदक जीता।
जूडो में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए। कोकिला ने रजत पदक अपने नाम किया, जबकि कपिल परमार ने कांस्य पदक के मुकाबले में जीत दर्ज की।
एथलेटिक्स में भारत को छह पदक
एथलेटिक्स में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। निशाद कुमार ने लंबी कूद में स्वर्ण पदक जीतकर भारत की पदक संख्या में इजाफा किया। रिंकू हुड्डा, सौम्या, अजीत सिंह, वी. रावन्नी और राधा वेंकटेश ने भी पदक जीते। एथलेटिक्स में भारत को कुल छह पदक मिले, जिनमें तीन स्वर्ण पदक शामिल रहे।तैराकी में रवि बुदिगिना ने पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। इस तरह निशानेबाजी, जूडो, एथलेटिक्स और तैराकी में भारतीय खिलाड़ियों ने पदक जीतकर प्रतियोगिता में देश को मजबूत शुरुआत दिलाई।
पदक तालिका में चीन शीर्ष पर
पहले दिन के बाद चीन 15 स्वर्ण, 15 रजत और 14 कांस्य सहित कुल 44 पदकों के साथ पहले स्थान पर रहा। उज्बेकिस्तान ने छह स्वर्ण, आठ रजत और छह कांस्य सहित 20 पदक जीतकर दूसरा स्थान हासिल किया। मेजबान जापान पांच स्वर्ण, दो रजत और 10 कांस्य सहित 17 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
भारत चार स्वर्ण, पांच रजत और दो कांस्य सहित कुल 11 पदकों के साथ चौथे स्थान पर है। कजाखस्तान तीन स्वर्ण, तीन रजत और छह कांस्य सहित 12 पदक जीतकर पांचवें स्थान पर रहा।











