मुंबई, 19 अक्टूबर।
बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता रितेश देशमुख दक्षिण भारतीय सिनेमा में एक नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं। वह अभिनेता राम पोथिनेनी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'आरएपीओ23' से अपना तेलुगु डेब्यू करेंगे, जिसमें वे एक अहम भूमिका निभाते नजर आएंगे। हाल ही में फिल्म के निर्माताओं ने रितेश के इस प्रोजेक्ट से जुड़ने की आधिकारिक पुष्टि की है। वर्तमान में हैदराबाद में चल रही शूटिंग के दौरान सेट से एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें राम पोथिनेनी बेहद उत्साह के साथ रितेश देशमुख का स्वागत करते और उन्हें गले लगाते दिख रहे हैं। इस खास मुलाकात ने प्रशंसकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता काफी बढ़ा दी है।
यह फिल्म राम पोथिनेनी के करियर के लिए बेहद खास है क्योंकि वे इसके माध्यम से निर्देशन के क्षेत्र में भी कदम रख रहे हैं। रापो सिनेमैटिक्स के बैनर तले बन रही इस नियो-नोयर थ्रिलर फिल्म में संयुक्ता मुख्य अभिनेत्री के रूप में नजर आएंगी। 'एक विलेन' और 'रेड 2' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके रितेश का किरदार इस कहानी में काफी महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। फिल्म की तकनीकी टीम में सिनेमैटोग्राफर तिर्रु, संगीतकार सैम सीएस और एक्शन कोरियोग्राफर पीटर हेन जैसे दिग्गज शामिल हैं।










