आइची-नागोया, 21 अक्टूबर।
एशियाई पैरा खेल-2026 में भारत की कस्तूरी राजमणि ने महिला पैरा पावरलिफ्टिंग के 67 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। कस्तूरी ने अपने तीसरे प्रयास में 108 किलोग्राम वजन उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया। उन्होंने पहले प्रयास में 103 किलोग्राम भार सफलतापूर्वक उठाया, जबकि दूसरे प्रयास में 106 किलोग्राम वजन उठाने में नाकाम रहीं। उज्बेकिस्तान की रुखशोना उकतामोवा ने 127 किलोग्राम भार उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने अपने तीनों प्रयासों में क्रमशः 120, 125 और 127 किलोग्राम वजन उठाते हुए शानदार प्रदर्शन किया।
दक्षिण कोरिया की किम ह्योंगहुई ने 107 किलोग्राम वजन उठाकर कांस्य पदक जीता। उन्होंने पहले प्रयास में 104 और दूसरे प्रयास में 107 किलोग्राम भार उठाया, लेकिन तीसरे प्रयास में 109 किलोग्राम वजन उठाने में सफल नहीं हो सकीं। कस्तूरी के रजत पदक के साथ भारतीय दल ने प्रतियोगिता में अपनी पदक संख्या बढ़ाई। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, भारत पदक तालिका में पांचवें स्थान पर था। भारतीय खिलाड़ियों ने अब तक 12 स्वर्ण, 17 रजत और 18 कांस्य पदक सहित कुल 47 पदक हासिल कर लिए थे।











