जगदलपुर, 21 अक्टूबर।
विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा के प्रमुख आयोजन मुरिया दरबार के स्थल और नाम को लेकर चल रही चर्चाओं पर बस्तर दशहरा समिति ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। समिति के अनुसार, 23 अक्टूबर को पारंपरिक सिरहासार भवन में ही मुरिया दरबार आयोजित होगा। इस वर्ष आयोजन स्थल में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इस ऐतिहासिक आयोजन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी। इस दौरान वह बस्तर के मांझी-चालकी, मेम्बर-मेम्बरिन और अन्य सदस्यों से मुलाकात करेंगी। समिति ने मुरिया दरबार का नाम बदलने संबंधी खबरों को निराधार बताते हुए इन्हें अफवाह करार दिया है।
समिति की ओर से जारी निमंत्रण पत्रों में भी आयोजन का नाम मुरिया दरबार ही दर्ज है। इससे स्पष्ट किया गया है कि सदियों पुरानी इस सामाजिक और सांस्कृतिक परंपरा की पहचान में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
वहीं, 23 अक्टूबर को बस्तर दशहरा उत्सव के तहत लालबाग मैदान, जगदलपुर में आमसभा आयोजित होगी। यहां प्रदर्शनी की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि दोनों कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सकें। समिति ने आमजन और आगंतुकों से अपुष्ट खबरों पर भरोसा नहीं करने की अपील की है।














