धर्मशाला, 21 अक्टूबर।
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय, धर्मशाला में संघ लोक सेवा आयोग और हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत संचालित डा. आंबेडकर उत्कृष्टता केंद्र में अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और पीएम केयर्स चिल्ड्रन योजना के जरूरतमंद व पात्र लाभार्थियों को यह सुविधा मिलेगी।
प्रशिक्षण के लिए आवेदन प्रक्रिया 7 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक पात्र विद्यार्थी निःशुल्क कोचिंग के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 20 नवंबर 2026 तय की गई है।
प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर प्रशिक्षण के लिए 100 उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को एक वर्ष तक हर महीने चार हजार रुपये का वजीफा भी दिया जाएगा।













