जगदलपुर, 21 अक्टूबर।
बस्तर के ऐतिहासिक दशहरा पर्व में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 23 अक्टूबर को जगदलपुर पहुंचेंगी। वह इस दौरान सदियों पुरानी परंपरा से जुड़े मुरिया दरबार में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
बस्तर के सांसद और दशहरा समिति के अध्यक्ष महेश कश्यप ने राष्ट्रपति के आगमन को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि इस दौरे से बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक आयोजनों को देशभर में नई पहचान मिलेगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति 23 अक्टूबर की सुबह जगदलपुर पहुंचने के बाद सबसे पहले प्रसिद्ध मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। इस दौरान वह बस्तर और प्रदेश के लोगों की सुख-समृद्धि की कामना करेंगी।
इसके बाद राष्ट्रपति बस्तर की पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था से जुड़े मांझी-चालकी समुदाय के सदस्यों और समाज प्रमुखों से मुलाकात करेंगी। मुरिया दरबार में शामिल होने के बाद वह जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रम और विशाल आमसभा को संबोधित करेंगी।














