नई दिल्ली, 23 अक्टूबर।
पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के प्रशंसकों के लिए राहत की खबर है। दिल्ली पुलिस ने उनके कॉन्सर्ट को कई सुरक्षा शर्तों के साथ मंजूरी दे दी है। आयोजकों और पुलिस के बीच कई दौर की बैठकें हुईं, जिनमें कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने निजी सुरक्षा गार्डों की संख्या बढ़ाने, भीड़ को नियंत्रित करने और अन्य जरूरी इंतजामों से जुड़ी शर्तें रखी थीं। आयोजकों ने इन निर्देशों के पालन का भरोसा दिया और सुरक्षा प्रबंधन की योजना पेश की। इसके बाद पुलिस ने कार्यक्रम को अनुमति दे दी।
रद्द नहीं हुआ था दिलजीत का शो
दिलजीत दोसांझ का ऑरा इंडिया टूर कार्यक्रम 30 अक्टूबर को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होना है। कार्यक्रम रद्द होने की खबरों पर बुकमायशो ने भी स्पष्टीकरण दिया था। कंपनी के अनुसार, शो रद्द नहीं किया गया था, बल्कि त्योहारों के मौसम में सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के अतिरिक्त इंतजाम पूरे होने तक अनुमति अस्थायी रूप से रोक दी गई थी।
बुकमायशो लाइव ने दिल्ली पुलिस के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी चिंताओं पर चर्चा की। आयोजकों ने विस्तृत योजना प्रस्तुत करते हुए सुरक्षा नियमों, यातायात व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन से जुड़े निर्देशों का पालन करने का भरोसा दिया।
दिल्ली से दिलजीत के ऑरा इंडिया टूर की शुरुआत होनी है। इसके बाद वह इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु, लखनऊ और चंडीगढ़ में भी कार्यक्रम करेंगे। उनके कॉन्सर्ट में बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचते हैं और टिकटों की मांग भी बनी हुई है। अब प्रशंसकों की निगाहें 30 अक्टूबर को होने वाले दिल्ली के कार्यक्रम पर हैं।










