भोपाल, 23 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश में पंचायत चुनाव अप्रैल-मई 2027 में कराए जाने की तैयारी है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के अनुसार, प्रदेश की करीब 23 हजार पंचायतों का कार्यकाल पूरा होने से एक-दो महीने पहले चुनाव कराने की योजना है। हालांकि, चुनाव की आधिकारिक तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।पंचायत राज नियमों में बदलाव की तैयारी
बालाघाट जिले के वारासिवनी जनपद की ग्राम पंचायत गर्रा में आयोजित सरपंच सम्मेलन में मंत्री प्रहलाद पटेल ने बताया कि पंचायत चुनाव से पहले पंचायत राज नियमों में बदलाव की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए एक महीने के भीतर अधिसूचना जारी करने और नवंबर तक नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी है।
प्रस्तावित व्यवस्था में ग्रामसभा की अनिवार्यता बरकरार रहेगी, लेकिन उसके अधिकार पंचायत समितियों को दिए जाएंगे। सरकार पंचायतों को नगरपालिका की तरह कर लगाने का अधिकार देने पर भी काम कर रही है। हालांकि, पंचायतें किन मदों में कर वसूल सकेंगी और कर की दरें क्या होंगी, इसकी विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
25 दिसंबर को होगा पंचायत भवनों का लोकार्पण
मंत्री के मुताबिक, प्रदेश में 2,472 पंचायत भवन बनकर तैयार हो चुके हैं। इन भवनों का लोकार्पण 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर किया जाएगा। पंचायत भवनों को दो मंजिला बनाने की व्यवस्था की गई है और प्रत्येक भवन के निर्माण के लिए 37.50 लाख रुपये दिए गए हैं।
इसके अलावा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की ओर से प्रदेश में 3,700 से अधिक सामुदायिक भवन भी बनवाए गए हैं।













