मीरजापुर, 23 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में देहात कोतवाली पुलिस ने 20 लाख रुपये कीमत की हेरोइन के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 100 ग्राम अवैध हेरोइन, घटना में इस्तेमाल की गई बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों आरोपित सोनभद्र जिले के निवासी हैं।
मंदिर के पास घेराबंदी कर पकड़ा
करनपुर चौकी प्रभारी ऋषिदेव शुक्ला के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में देहात कोतवाली पुलिस को इस मामले में सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने शुक्रवार को बीरपुर गांव में शिवालय मंदिर के पास घेराबंदी की और बाइक से जा रहे दो युवकों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सोनभद्र जिले के करकी निवासी मनीष कुमार और नीरज कुमार के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 100 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये बताई गई है।
बाइक सीज, दोनों आरोपित जेल भेजे गए
पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की। बरामद बाइक को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है।














