राजगढ़, 23 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में यातायात पुलिस ने शराब के नशे में स्कॉर्पियो चलाते एक चालक को पकड़ा है। चालक रेलवे बाइपास रोड पर वाहन को लहराते हुए चला रहा था। पुलिस ने जांच में शराब पीकर वाहन चलाने की पुष्टि होने पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की और स्कॉर्पियो जब्त कर थाने में खड़ी करवा दी।वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा गया चालक
यातायात थाना प्रभारी देवनारायण पांडे ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार रात रेलवे अंडरब्रिज की सर्विस रोड पर वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एमपी 04 सीबी 1138 नंबर की स्कॉर्पियो संदिग्ध तरीके से सड़क पर लहराती हुई दिखाई दी।
चालक के वाहन चलाने के तरीके पर पुलिस को उसके नशे में होने का संदेह हुआ। इसके बाद टीम ने स्कॉर्पियो को रुकवाया और चालक की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच की। जांच में शराब पीकर वाहन चलाने की पुष्टि होने पर पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई की।
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से शराब पीकर गाड़ी नहीं चलाने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, नशे की हालत में वाहन चलाने से चालक के साथ सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया। कार्रवाई के दौरान एसआई पंचमलाल, प्रधान आरक्षक प्रीतम, आरक्षक शैलेंद्र और राहुल सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।














