आइची-नागोया, 23 अक्टूबर।
आइची-नागोया में आयोजित पैरा एशियाई खेल-2026 की पैरा बैडमिंटन स्पर्धा में भारत की झोली में एक और पदक आया है। देश के स्टार खिलाड़ी नीतेश कुमार और थुलासिमथी मुरुगेसन की जोड़ी ने मिश्रित युगल एसएल3-एसयू5 वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
गोल्ड मेडल के लिए खेले गए खिताबी मुकाबले में भारतीय जोड़ी का सामना इंडोनेशिया की लेआनी रात्री ओक्तिला और हिकमत रामदानी की मजबूत जोड़ी से हुआ, जिसमें भारत को 1-2 से शिकस्त झेलनी पड़ी।फाइनल मैच में भारतीय जोड़ी ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और पहला गेम 21-11 के अंतर से आसानी से जीतकर बढ़त बना ली थी।
इसके बाद दूसरे गेम में इंडोनेशियाई खिलाड़ियों ने जोरदार वापसी की। बेहद कड़े और रोमांचक मोड़ तक पहुंचे इस गेम को इंडोनेशियाई जोड़ी ने 21-19 से जीतकर मुकाबले को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया।मैच के निर्णायक तीसरे गेम में दोनों जोड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। हालांकि अंतिम क्षणों में इंडोनेशियाई खिलाड़ियों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए 21-14 से गेम और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमा लिया।
इस पराजय के बाद नीतेश और थुलासिमथी की जोड़ी को रजत पदक से ही संतोष करना पड़ा।ताजा आंकड़ों के अनुसार, एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय एथलीटों का शानदार प्रदर्शन जारी है।
भारत कुल 104 पदकों के साथ पदक तालिका में चौथे स्थान पर काबिज है, जिनमें 27 स्वर्ण, 34 रजत और 43 कांस्य पदक शामिल हैं।











