सिलीगुड़ी, 24 अक्टूबर।
पश्चिम बंगाल के फांसीदेवा क्षेत्र में पुलिस ने मवेशियों की तस्करी के मामले का पर्दाफाश करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि चिप्स से भरी बोलेरो के भीतर मवेशियों को छिपाकर ले जाया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मेहदी आलम और हबीबुर रहमान के रूप में हुई है। दोनों असम के बारपेटा के निवासी हैं। पुलिस ने शनिवार तड़के बिहार की ओर से आ रहे वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली थी।
जांच के दौरान बोलेरो से 11 गाय बरामद की गईं। वाहन में चिप्स के पैकेट भरे हुए थे। मवेशियों के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बरामद सभी 11 मवेशियों को पशुशाला भेज दिया है। फांसीदेवा के घोषपुकुर चौकी की पुलिस मामले की जांच कर रही है।













