भोपाल, 24 अक्टूबर।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में 26 अक्टूबर को सोशल मीडिया विभाग की कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। कार्यशाला में डिजिटल अभियानों और सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी की विचारधारा जन-जन तक पहुंचाने के संबंध में कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया जाएगा।
प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक सुयश त्यागी ने बताया कि कार्यशाला को सोशल मीडिया के राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के और राष्ट्रीय सह संयोजक शिवानंद द्विवेदी भी संबोधित करेंगे।
कार्यशाला में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संभाग और जिला स्तर के प्रभारी तथा सोशल मीडिया विभाग के कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसमें डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग और पार्टी के अभियानों को लोगों तक पहुंचाने से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा।














