मुंबई, 24 अक्टूबर।
महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए माहिम क्षेत्र से प्रतिबंधित आतंकी समूह से ताल्लुक रखने वाले एक संदिग्ध को पकड़ा है। 33 वर्षीय आरोपित की पहचान मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर के रूप में हुई है, जो पेशे से परफ्यूम बेचने का काम करता है। एटीएस की टीम फिलहाल उसके पूरे नेटवर्क की गहनता से पड़ताल कर रही है।
गोपनीय सूचना के आधार पर एटीएस ने शुक्रवार को माहिम मेट्रो स्टेशन के समीप स्थित लक्ष्मी बिल्डिंग इलाके में घेराबंदी कर इस संदिग्ध को दबोचा। जांच अधिकारियों का कहना है कि आरोपित सोशल मीडिया के माध्यम से कट्टरपंथी विचारधारा को फैलाने में जुटा हुआ था। उसके पास से कई डिजिटल उपकरण जब्त कर उनकी छानबीन की जा रही है।
आरोपित के मोबाइल फोन से भड़काऊ मैसेज, आपत्तिजनक पोस्ट और आतंकी संगठन के प्रमुख मसूद अजहर के भाषणों की ऑडियो फाइलें बरामद हुई हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह एक टेलीग्राम ग्रुप भी चला रहा था, जिसके जरिए जिहाद का समर्थन करने वाली सामग्री शेयर की जाती थी और लोगों को हथियार उठाने के लिए उकसाया जाता था।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपित ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे के दौरान सुरक्षा चूक से जुड़ी खबरों पर बेहद विवादित टिप्पणियां की थीं। उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कश्मीर में पाबंदियों, मुसलमानों से हथियार रखने और देश विरोधी अपील करने से जुड़े कई कमेंट्स मिले हैं। एक टिप्पणी में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जिक्र करते हुए हिंसा का संकेत भी दिया गया था।
एटीएस की टीम अब आरोपित के पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों से संभावित संबंधों और अन्य मददगारों की कड़ियों को तलाश रही है। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। जब्त डिजिटल साक्ष्यों के विश्लेषिम और पूछताछ के बाद इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।














