भोपाल, 24 अक्टूबर।
बॉलीवुड निर्देशक नीरज पांडे की क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘गजब रात’ इन दिनों ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर चर्चा में है। मनोज बाजपेयी अभिनीत इस फिल्म में भोपाल के मानसरोवर मेडिकल कॉलेज और एमजीयू हॉस्पिटल के परिसर व गलियारों में कई रहस्यमयी और रोमांचक दृश्य फिल्माए गए हैं। दावा है कि फिल्म की 50 प्रतिशत से अधिक शूटिंग इन्हीं दोनों परिसरों में हुई है।
फिल्म में मानसरोवर हॉस्पिटल से जुड़े सस्पेंस भरे दृश्यों को लेकर भोपाल के दर्शकों में खासा उत्साह है। अस्पताल के गलियारों और परिसर में फिल्माए गए हाई-वोल्टेज दृश्य कहानी के रहस्य और रोमांच को सामने लाते हैं।
मानसरोवर ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चीफ एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर इंजीनियर गौरव तिवारी ने बताया कि फिल्म के कई महत्वपूर्ण दृश्य एमजीयू हॉस्पिटल और मानसरोवर मेडिकल कॉलेज परिसर में शूट किए गए हैं।














