मुंबई, 24 अक्टूबर।
अभिनेता प्रभास की आगामी पीरियड एक्शन फिल्म ‘फौजी’ का टीजर रिलीज कर दिया गया है। ‘फाइल नंबर 25’ नाम से जारी इस वीडियो में प्रभास दूसरे विश्व युद्ध के दौर में ब्रिटिश शासन के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले एक साहसी योद्धा की भूमिका में दिखाई दे रहे हैं। उनके आक्रामक तेवर, दमदार संवाद और एक्शन से भरपूर अंदाज ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। टीजर में प्रभास अंग्रेजों को चुनौती देते हुए नजर आते हैं। वीडियो में स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चंद्र बोस और जर्मन तानाशाह एडोल्फ हिटलर की मुलाकात का दृश्य भी शामिल है, जिसमें भारत को ब्रिटिश शासन से मुक्त कराने से जुड़ी बातचीत की झलक दिखाई गई है। फिल्म में एक ऐसे विद्रोही योद्धा की कहानी पेश की गई है, जो ब्रिटिश साम्राज्य के लिए बड़ी चुनौती बनता है। प्रभास का संवाद, “अरे ओ फिरंगी, मैं तेरा खून लूंगा और आजादी भी”, उनके किरदार के विद्रोही तेवरों को दर्शाता है।
हनु राघवपुडी के निर्देशन में बन रही ‘फौजी’ एक ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित एक्शन ड्रामा है। फिल्म की रिलीज 19 मार्च 2027 को प्रस्तावित है। प्रभास के जन्मदिन के अवसर पर उनकी दूसरी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी 2’ से जुड़ा एक विशेष वीडियो भी साझा किया गया। इसमें प्रभास सीक्वल की शूटिंग के दौरान नजर आए, जबकि निर्देशक नाग अश्विन उन्हें एक दृश्य के लिए निर्देश देते दिखाई दिए। एक ही मौके पर दोनों फिल्मों की झलक सामने आने से अभिनेता के प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ‘फौजी’ के टीजर ने जहां प्रभास के नए ऐतिहासिक किरदार की झलक दिखाई है, वहीं ‘कल्कि 2898 एडी 2’ के वीडियो ने उनकी आगामी फिल्मों को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ा दी है।










