भोपाल, 24 अक्टूबर।
शरद पूर्णिमा का पर्व रविवार को भोपाल में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर शहर में परंपरागत शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें आकर्षक झांकियां, सुसज्जित बग्घी, ढोल और बैंड की प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं का ध्यान खींचेंगी। शोभायात्रा के बड़े तालाब स्थित शीतलदास की बगिया पहुंचने पर भगवान श्री राधा-कृष्ण चंद्रमा की दूधिया रोशनी के बीच नौका विहार करेंगे। इस दौरान भव्य आतिशबाजी भी होगी और श्रद्धालुओं को खीर का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
शाम 6:30 बजे निकलेगी शोभायात्रा
श्री हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष पंडित चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि शोभायात्रा शाम 6:30 बजे घोड़ा नक्कास स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर से शुरू होगी। यह भवानी चौक और सोमवारा होते हुए शीतलदास की बगिया पहुंचेगी। आयोजन के सफल संचालन के लिए अशोक विश्वकर्मा को संयोजक बनाया गया है।
बांके बिहारी लाल को लगेगा 51 किलो खीर का भोग
पुराने शहर के तलैया क्षेत्र में चौबदारपुरा स्थित श्री बांके बिहारी लाल मार्कण्डेय मंदिर में भी शरद उत्सव मनाया जाएगा। पुजारी आचार्य रामनारायण के अनुसार, वर्ष में एक बार श्री युगल सरकार गर्भगृह से बाहर आकर मंदिर परिसर में सिंहासन पर विराजमान होंगे। इस अवसर पर उनका श्वेत श्रृंगार किया जाएगा और चांदी का मुकुट, बांसुरी व छड़ी धारण कराई जाएगी। भगवान को 51 किलो दूध और केसर से तैयार खीर का भोग लगाया जाएगा। रात 9 बजे श्रृंगार दर्शन और आरती होगी। शाहपुरा ग्वाल मंडली भजन-कीर्तन प्रस्तुत करेगी।
मां भगवती के साथ नौका विहार करेंगे बाबा बटेश्वर
श्री बड़वाले महादेव मंदिर सेवा समिति एवं ट्रस्ट की ओर से बाबा बटेश्वर और मां कर्फ्यू वाली भगवती को भी शीतलदास की बगिया में नौका विहार कराया जाएगा। फूलों और रोशनी से सजी नाव में प्रतिमाओं को विराजित किया जाएगा। मुरली वाला ग्रुप भजनों की प्रस्तुति देगा। इसके बाद दो क्विंटल खीर का प्रसाद वितरित किया जाएगा।














