गुना, 26 अक्टूबर।
मध्य प्रदेश के गुना जिले के सिरसी थाना क्षेत्र के सारेठा गांव में रविवार रात जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में विजय यादव (40) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया गया है कि भाजपा जिला मंत्री वीर बहादुर सिंह सारेठा के परिवार में वन विभाग की करीब 500 बीघा जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार रात करीब आठ बजे विवाद बढ़ने पर फायरिंग हुई, जिसमें विजय यादव को गोली लग गई। परिजन उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फायरिंग करने का आरोप मृतक के बड़े भाई भरत सिंह यादव के बेटे विशाल पर लगाया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। इधर, छोटे भाई विजय यादव की मौत की खबर मिलने के बाद भाजपा जिला मंत्री वीर बहादुर सिंह सारेठा का रक्तचाप बढ़ गया। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।














