झुंझुनू, 26 अक्टूबर।
राजस्थान के झुंझुनू जिले के पिलानी में रविवार रात एक युवक की चाकू से वार कर हत्या कर दी गई। युवक करीब छह महीने से एक महिला के साथ रह रहा था। आरोप है कि महिला का पति रात में घर पहुंचा और दोनों को एक कमरे में सोते देख युवक पर चाकू से कई वार कर दिए। शोर सुनकर युवक के परिजन वहां पहुंचे और आरोपित को पकड़ लिया। इस दौरान हुई मारपीट में आरोपित भी घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 33 वर्षीय युवक महिला के साथ रह रहा था। महिला अपने पति को छोड़कर उसके साथ रहने लगी थी। इसी बात को लेकर महिला के पति और युवक के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। रविवार रात करीब 10 बजे हुई इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित वाहन चालक है, जबकि मृतक मजदूरी करता था।
मृतक के पिता ने बताया कि रविवार रात उनका बड़ा बेटा महिला के साथ अलग कमरे में सो रहा था। वह अपनी पत्नी और छोटे बेटे के साथ पास के कमरे में थे। रात करीब 9:30 बजे बड़े बेटे के कमरे से चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। वे वहां पहुंचे तो फर्श पर खून फैला था और उनका बेटा नीचे पड़ा हुआ था।
पिता के अनुसार, आरोपित हाथ में खून से सना चाकू लेकर खड़ा था और चिल्लाते हुए कह रहा था कि उसने उनके बेटे को मार दिया है। परिजनों ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो वह चाकू लहराकर उन्हें डराने लगा। इसके बाद वह दरवाजे के ऊपर चढ़कर नीचे कूदने की कोशिश करने लगा और बाहर की ओर गिर गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। युवक के परिजनों द्वारा उसे काबू में करने के दौरान हुई मारपीट में आरोपित को भी चोटें आईं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर झुंझुनू से फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।














