भोपाल, 26 अक्टूबर।
नरसिंहपुर की कृषि उपज मंडी में सोमवार को बलराम कृषि महोत्सव-2026 आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से किसानों से चर्चा करेंगे। इस दौरान जिले के पांच चयनित किसान उनसे सीधे संवाद कर खेती-किसानी से जुड़े अपने अनुभव, कृषि गतिविधियों और किए गए नवाचारों की जानकारी साझा करेंगे। संवाद में ग्राम चीलाचौन कला के इंद्रपाल पटेल, चीचली विकासखंड के पुआरिया गांव की शिवानी कौरव, गोटेगांव विकासखंड के रीछा गांव के लक्ष्मण पटेल, करेली विकासखंड के करताज गांव के राकेश और चांवरपाठा विकासखंड के देगुवां गांव के लक्ष्मण रघुवंशी शामिल होंगे।
बलराम कृषि महोत्सव का उद्देश्य किसानों को खेती की आधुनिक पद्धतियों और कृषि क्षेत्र में उपलब्ध विभिन्न अवसरों से परिचित कराना है। आयोजन में आधुनिक कृषि तकनीक, प्राकृतिक खेती, कृषि विविधीकरण, उद्यानिकी और कृषि से जुड़ी अन्य गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। किसानों से कार्यक्रम में अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई है, ताकि वे कृषि वैज्ञानिकों से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें। साथ ही आधुनिक तकनीकों को अपनाकर खेती की उत्पादकता बढ़ाने और उसे अधिक लाभकारी बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।













