चेन्नई, 03 अप्रैल 2026।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 को देखते हुए भाजपा ने गठबंधन के तहत 27 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की सूची घोषित कर राज्य में चुनावी हलचल बढ़ा दी है।
तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियाँ तेज हो गई हैं और इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। भाजपा को अन्नाद्रमुक गठबंधन में कुल 27 सीटें मिली हैं, जिन पर पार्टी ने प्रत्याशियों के नाम तय किए हैं।
सूची के अनुसार, अविनाशी (आरक्षित) से केंद्रीय मंत्री डॉ. एल. वेलमुरुगन और मायलापुर से तमिलिसाई सौंदरराजन को टिकट दिया गया है। इसके अलावा मोडक्कुरिची से कृतिका शिवकुमार, कोयंबटूर उत्तर से वानथी श्रीनिवासन, अरंथांगी से कविता श्रीकांत सहित कई नेताओं को चुनावी मैदान में उतारा गया है।
इस चुनाव में कांग्रेस से जीतने वाली विजयधारणी इस बार भाजपा के टिकट पर विलवन्कोडु सीट से मैदान में उतरेंगी। वहीं, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई को इस बार टिकट नहीं मिलने से राजनीतिक चर्चाएँ तेज हो गई हैं।
भाजपा और अन्नाद्रमुक के बीच पहले ही सीटों का बंटवारा तय हो चुका था। नामांकन की अंतिम तिथि नजदीक होने के कारण पार्टी ने समय रहते उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। प्रत्याशियों के चयन में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन का ध्यान रखा गया है।
राज्य में उम्मीदवारों की घोषणा के साथ ही चुनावी माहौल और गर्म हो गया है और सभी दल अपने-अपने प्रचार अभियान को तेज कर चुके हैं।
भाजपा ने अवडी से राज्यमंत्री महेंद्रन, मायलापुर से तमिलिसाई सौंदरराजन, थल्ली से नागेश कुमार, तिरुवन्नामलाई से एझुमलाई, राशीपुरम (आरक्षित) से प्रेमकुमार, मोडक्कुरिची से कृतिका शिवकुमार, उधगई से भोजराजन, अविनाशी (आरक्षित) से वेलमुरुगन, तिरुपत्तूर दक्षिण से थंगराज, कोयंबटूर उत्तर से वानथी श्रीनिवासन, तिरुवारूर से गोपीचंदुरु, तंजावुर से मुरुगानंदम, कंदरवकोट्टई (आरक्षित) से उदयकुमार, पुदुकोट्टई से एन. रामचंद्रन, अरंथांगी से कविता श्रीकांत, तिरुपत्तूर से तिरुमारन, मानामदुरै (आरक्षित) से बालागणपति, मदुरै दक्षिण से राम श्रीनिवासन, सत्तूर से नैनार नागेंद्रन, रामनाथपुरम से नागेंद्रन, तिरुचेंदूर से राधाकृष्णन, वासुदेवनल्लूर (आरक्षित) से आनंदन, राधापुरम से बालकृष्णन, नागरकोविल से एम.आर. गांधी, कुलाचल से टी. शिवकुमार, पद्मनाभपुरम से रमेश और विलवन्कोडु से विजयधारणी को उम्मीदवार बनाया है।











