थेनी, 27 अक्टूबर।
तमिलनाडु के थेनी जिले की उपजेल से सोमवार देर रात फरार हुए 17 कैदियों में से चार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जेल कर्मचारियों पर कथित हमले के बाद हुई इस घटना के सिलसिले में बाकी कैदियों की तलाश जारी है। पुलिस ने अभियान तेज करते हुए 17 विशेष टीमें गठित की हैं। पड़ोसी जिलों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
दक्षिण क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विजयेंद्र बिदरी के अनुसार, सभी कैदियों को एक ही बैरक में रखा गया था। जेल कर्मचारियों को सूचना मिली कि एक कैदी की तबीयत बिगड़ गई है। इसके बाद कर्मचारी बैरक में पहुंचे तो कैदियों ने कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया और वहां से भाग निकले।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि कैदियों ने अपनी योजना को अंजाम देने के लिए मिर्गी का दौरा पड़ने का नाटक किया था। इसी बहाने कर्मचारियों को बैरक में बुलाया गया और फिर उन पर हमला कर दिया गया।
इस घटना में थेनी जिला जेल में तैनात ग्रेड-दो पुलिसकर्मी थंगापांडी के सिर में चोट लगी है। उन्हें जी विलक्कू स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले में जेल के दो अन्य कर्मचारियों को भी मामूली चोटें आई हैं।

पड़ोसी जिलों में तलाशी अभियान तेज
डिंडीगुल के पुलिस अधीक्षक एस. जयकुमार ने बताया कि कैदियों की तलाश और उनकी आवाजाही पर नजर रखने के लिए जिले में 16 स्थानों पर जांच चौकियां बनाई गई हैं। डिंडीगुल-थेनी राजमार्ग पर आने-जाने वाले वाहनों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने मदुरै, डिंडीगुल और इडुक्की जिलों के अधिकारियों को सतर्क कर दिया है। फरार कैदियों की पहचान और उन्हें पकड़ने में मदद के लिए उनकी तस्वीरें संबंधित अधिकारियों को भेजी गई हैं। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।
















