त्रिची, 29 अक्टूबर।
तमिलनाडु में सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक विभाग ने पूर्व मंत्री और द्रमुक के प्रमुख सचिव केएन नेहरू से जुड़े करीब 25 ठिकानों पर छापेमारी की है। अधिकारियों ने गुरुवार सुबह त्रिची के थिल्लई नगर स्थित उनके आवास पर तलाशी शुरू की। इस दौरान आवास और कार्यालय परिसर को अपने नियंत्रण में लेकर जांच की गई।
यह कार्रवाई नगर प्रशासन एवं पेयजल आपूर्ति विभाग में 2,538 सहायक और कनिष्ठ अभियंताओं की नियुक्ति में कथित अनियमितताओं को लेकर दर्ज मामले की जांच के सिलसिले में की गई है। आरोप हैं कि ये नियुक्तियां नेहरू के मंत्री रहते हुए हुई थीं।
सतर्कता विभाग के 15 से अधिक कर्मचारी सुबह तीन वाहनों से पूर्व मंत्री के आवास पहुंचे। इसके बाद परिसर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने चेन्नई और त्रिची सहित लगभग 25 ठिकानों पर कार्रवाई की है।
नेहरू के आवास पर तलाशी के बाद अधिकारियों ने चेन्नई के राजा अन्नामलाईपुरम स्थित उनके भाई केएन रविचंद्रन के घर और कार्यालय में भी छापा मारा। रविचंद्रन टीवीएच बिल्डर्स कंपनी के मालिक हैं।
इससे पहले पांच सितंबर को भी सतर्कता विभाग ने निविदाओं में कथित गड़बड़ी से जुड़ी शिकायत के आधार पर रविचंद्रन के आवास और कार्यालय की तलाशी ली थी। उस कार्रवाई के दौरान विभाग ने 241 कागजी और डिजिटल दस्तावेज जब्त करने की जानकारी दी थी।
ताजा छापेमारी के संबंध में विभाग की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।
















