लखीमपुर खीरी, 19 अप्रैल।
भीरा थाना क्षेत्र में शनिवार की रात चोरों ने दो किसानों के घरों को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया, जिसमें लाइसेंसी बंदूक, नकदी और लाखों रुपये मूल्य के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद रविवार को पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पहली वारदात सलामत नगर भट्ठा निवासी सिख किसान ओमकार सिंह के घर में हुई, जहां चोर पीछे लगी खिड़की की ग्रिल तोड़कर भीतर घुसे। इसके बाद उन्होंने घर में रखी अलमारी से लगभग पांच तोला सोना और तीस हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
इसके बाद चोरों ने गन्ना सेंटर के पास रहने वाले किसान गुरमेल सिंह के घर को भी निशाना बनाया। यहां आरोपित पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुसे और घर में रखी लाइसेंसी बंदूक के साथ-साथ जेवर और नकदी लेकर मौके से फरार हो गए।
एक ही रात में दो अलग-अलग घरों में हुई इस चोरी की घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही भीरा थाना पुलिस रविवार सुबह मौके पर पहुंची और दोनों घरों का निरीक्षण कर आवश्यक जांच शुरू की। पीड़ित परिवारों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों मामलों की जांच प्रारंभ कर दी गई है और चोरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि दो घरों में चोरी की सूचना प्राप्त हुई है, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही आरोपितों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।










.jpg)