हैदराबाद, 24 मार्च।
आंध्र प्रदेश पुलिस ने सोशल मीडिया पर कथित उग्रवादी विचारधारा और आतंकवादी नेटवर्क से जुड़े होने के शक में विजयवाड़ा से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनों से पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि खुफिया विभाग के संयुक्त अभियान में सोमवार को विजयवाड़ा के टू टाउन इलाके से रहमतुल्ला शरीफ (23), मिर्जा सोहैल बेग (23) और मोहम्मद दानिश (27) को हिरासत में लिया गया। इन आरोपितों पर आरोप है कि उन्होंने धर्मविशेष की आतंकी विचारधारा वाली सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित की।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ये तीनों देशभर में सक्रिय लगभग 10 सदस्यों वाले नेटवर्क का हिस्सा हैं, जो कथित रूप से युवाओं को प्रभावित कर उन्हें आतंकवादी गतिविधियों में लाने का प्रयास कर रहा था। पुलिस इन आरोपितों के आतंकवादी संगठनों से संभावित संबंध और ऑनलाइन गतिविधियों की प्रकृति की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि ईरान-इजराइल युद्ध के संदर्भ में सोशल मीडिया और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी कड़ी है। इसी दौरान यह समूह पुलिस की नजर में आया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की गतिविधियों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।











