तिरुपुर, 13 मई।
तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले में वेल्लाकोविल-करूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलिस चेक पोस्ट के पास बुधवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी सहित कुल छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, सड़क पर डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हुए ट्रक को पुलिसकर्मी रविचंद्रन हटाने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सीधे ट्रक से टकरा गई, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
इस टक्कर में पुलिसकर्मी रविचंद्रन, ट्रक चालक तथा कार में सवार चार अन्य लोगों सहित कुल छह लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और सभी शवों को सरकारी अस्पताल भिजवाया गया। अभी तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। वेल्लाकोविल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





.jpg)




