मध्य प्रदेश
02 May, 2026

बरगी क्रूज हादसे में दो और शव बरामद, मृतकों की संख्या 11 हुई

बरगी बांध के क्रूज हादसे में शनिवार को दो बच्चों के शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है, दो लोग अब भी लापता हैं।

जबलपुर, 02 मई।

मध्य प्रदेश के बरगी बांध में हुए दर्दनाक क्रूज हादसे में राहत और बचाव कार्य जारी है। शनिवार को सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान रेस्क्यू टीम को दो बच्चों के शव मिले हैं, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। हालांकि, अभी भी दो लोग लापता हैं और उनकी तलाश जारी है।

बरगी डैम में हुए इस हादसे के बाद से लापता चार लोगों की खोजबीन की जा रही है, जिसमें एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सेना के जवान शामिल हैं। शनिवार शाम तक सर्चिंग के दौरान दो शव बरामद किए गए हैं। एक शव की पहचान 5 वर्षीय विराज सोनी के रूप में हुई है, जो कोतवाली क्षेत्र का निवासी था। दूसरे शव की पहचान श्रीतमिल (5) के रूप में की गई, जो खमरिया के निवासी थे। इन शवों की बरामदगी के बाद हादसे में मृतकों की संख्या 11 हो गई है।

हादसे के बाद से प्रशासन ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और गोताखोरों की टीम मौके पर मुस्तैदी से काम कर रही है। रेस्क्यू अभियान के लिए रात भर सर्चलाइट का इस्तेमाल किया जा रहा है ताकि लापता लोगों का पता जल्दी से जल्दी लगाया जा सके। प्रशासन ने अपील की है कि घटनास्थल के पास भीड़ न लगाएं ताकि बचाव कार्य में कोई बाधा उत्पन्न न हो।

गौरतलब है कि जबलपुर के बरगी डैम में गुरुवार शाम एक तेज आंधी के कारण पर्यटन विभाग का क्रूज डूब गया था, जिसमें 45 से अधिक पर्यटक सवार थे। सर्च और रेस्क्यू के दौरान शुक्रवार शाम तक 9 शव बरामद किए गए थे और 29 लोगों को बचा लिया गया था। शुक्रवार शाम को भारी बारिश की वजह से सर्चिंग रोक दी गई थी, लेकिन शनिवार सुबह से फिर से कार्य शुरू किया गया है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

25° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़