लखीमपुर खीरी, 23 फरवरी 2026।
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के थाना पढुवा क्षेत्र में सोमवार सुबह दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें एक हादसे में छात्र और दूसरे हादसे में वाहन चालक की मौत हो गई। इन घटनाओं में 16 से अधिक लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलने पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और सीएमओ जिला चिकित्सालय ओयल पहुंचे और घायलों का हालचाल जानकर इलाज की प्रगति की जानकारी ली।
पहली दुर्घटना तहसील धौरहरा के ग्राम रमियाबेहड़ के पास उस समय हुई जब थाना शारदा नगर क्षेत्र के चमेली और आसपास के गांवों के छात्र बोर्ड परीक्षा देने के लिए वैन से रमियाबेहड़ स्थित गायत्री देवी इंटर कॉलेज जा रहे थे। इसी दौरान वैन की सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में बेलपुरवा निवासी 17 वर्षीय छात्र चंचल की मौत हो गई, जबकि चार छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर घायलों सहित छात्रों और वैन चालक को प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किया गया। दूसरी दुर्घटना तहसील निघासन के ग्राम प्रसादीपूर्वा में दो बसों की आमने-सामने टक्कर में हुई, जिसमें छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जिला प्रशासन के अनुसार दोनों हादसों में 16 घायल एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचे, जहां 15 घायलों में से 12 का इलाज विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किया जा रहा है। तीन गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ रेफर किया गया, जिन्हें एएलएस एंबुलेंस से भेजा गया है। जिलाधिकारी ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों को हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवारों को भी सहायता प्रदान की जा रही है। उप जिलाधिकारी धौरहरा और एसडीएम निघासन ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी की और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।













