कोरबा, 31 मार्च 2026।
कोरबा जिले के राताखार इलाके में सोमवार की देर शाम एक अज्ञात व्यक्ति का शव नहर में तैरते हुए देखा गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। जोड़ा पुल के नीचे शव को उतराता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकाला। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी के अनुसार, मृतक की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। शव की स्थिति को देखकर यह मामला संदिग्ध लग रहा है और पुलिस हत्या या दुर्घटना की आशंका जता रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, और जांच जारी है।
सीएसपी ने बताया कि मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष के आसपास हो सकती है। मामले की गहन जांच के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, और शव की पहचान के लिए जिले के सभी थाना और चौकियों के साथ-साथ व्हाट्सएप ग्रुप पर भी सूचना साझा की गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।











