कानपुर देहात, 09 मई।
कानपुर देहात जनपद के अकबरपुर क्षेत्र में स्थित एक फुटवियर फैक्टरी के बाहर शनिवार को उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब वेतन वृद्धि की मांग को लेकर हजारों कर्मचारियों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते फैक्टरी गेट के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई और हंगामा शुरू हो गया।
कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी द्वारा वेतन बढ़ाने के बजाय उसमें कटौती की जा रही है, जिससे उनमें आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कुछ कर्मचारियों ने बताया कि पहले उन्हें प्रतिदिन 422 रुपये मिलते थे और 26 दिनों का भुगतान होता था, लेकिन अब 30 दिन का हिसाब लगाकर प्रति दिन 411 रुपये कर दिया गया है। उनका यह भी कहना है कि न तो कोई वेतन पर्ची दी जाती है और न ही ओवरटाइम का उचित भुगतान किया जाता है।
फैक्टरी में वर्ष 2020 से कार्यरत एक महिला कर्मचारी ने आरोप लगाया कि उन्हें 13,500 रुपये मासिक वेतन दिया जाना चाहिए और ओवरटाइम का भुगतान दोगुना दर से किया जाए। इन मांगों को लेकर बड़ी संख्या में मजदूरों ने कार्य बहिष्कार करते हुए फैक्टरी के बाहर नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे स्थिति और अधिक बिगड़ गई।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए। अधिकारियों ने कर्मचारियों और फैक्टरी प्रबंधन के बीच बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश की। फिलहाल फैक्टरी के बाहर तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और बातचीत जारी है।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि वेतन संबंधी मुद्दों को लेकर दोनों पक्षों के बीच वार्ता चल रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।












.jpg)