कानपुर, 19 अप्रैल।
कानपुर में बर्रा थाना क्षेत्र की पुलिस ने एक संगठित आपराधिक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए ‘उल्टी गैंग’ की तीन महिलाओं सहित कुल पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह के सरगना को मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में दबोच लिया गया। यह गिरोह ऑटो में सवारी बनकर बैठता था और उल्टी या अन्य बहानों के जरिए यात्रियों का ध्यान भटकाकर लूट की वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और योजनाबद्ध तरीके से अपराध कर रहा था। चेकिंग के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया, जिनमें माला, नंदिनी, रिंकू और प्रिंस शामिल हैं, जबकि मुख्य सरगना अभिषेक को मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया। उसके पास से देशी तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद की गई। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल ऑटो और 10,520 रुपये भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपित पेशेवर अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनके आपराधिक इतिहास की जांच के लिए एक विशेष टीम को चंदौली भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह में लगभग 15 से 20 सदस्य शामिल हैं, जो अलग-अलग शहरों में रहकर वारदातें करते हैं और घटना के बाद अपना ठिकाना बदल लेते हैं।
जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि गिरोह के सदस्य ऑटो में सवारी के रूप में बैठकर सफर के दौरान उल्टी, झगड़ा या अन्य बहानों से माहौल बनाते थे और इसी दौरान साथी यात्रियों का ध्यान भटकाकर गहने, मोबाइल और नकदी चोरी कर लेते थे। इसी गिरोह ने 23 मार्च को दामोदर नगर पेट्रोल लाइन के पास हुई मंगलसूत्र चोरी की घटना को भी अंजाम दिया था।
बर्रा बाईपास क्षेत्र में हिंगलाज मंदिर के पास घेराबंदी कर चार आरोपितों को पकड़ा गया, जबकि फरार सरगना को बाद में जरौली फेस-2 नाला रोड पर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और आगे भी कार्रवाई की जाएगी।










.jpg)