मंदसौर, 02 मई।
मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में गेहूं की खरीदी का कार्य जोरों पर है। 9 अप्रैल 2026 से शुरू हुई इस प्रक्रिया के तहत 1 मई 2026 तक जिले में 72 उपार्जन केंद्रों पर 21646 किसानों से कुल 82196.95 मैट्रिक टन गेहूं खरीदी जा चुकी है। सरकार ने 23 मई तक खरीदी की प्रक्रिया जारी रखने का निर्देश दिया है, और इस दौरान सभी स्लॉट बुक हो चुके हैं।
हालांकि, उपार्जन केंद्रों पर किसानों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ा। खासतौर से भीषण गर्मी में पीने के पानी की भारी कमी देखी गई, जिससे किसानों को परेशानी हुई। इसके अलावा, वेबसाइट के समय-समय पर बंद हो जाने की वजह से किसानों को स्लॉट बुकिंग में समस्या आई। फिर भी राहत की बात यह रही कि मौसम में बदलाव के बावजूद कहीं भी बारिश या ओलावृष्टि नहीं हुई, जिससे किसी भी केंद्र पर किसानों का गेहूं खराब नहीं हुआ।
सरकारी निर्देशों के अनुसार, सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुविधाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। इसके अलावा, सर्वेयर से जुड़ी कुछ शिकायतें मिलीं, लेकिन कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई। उपार्जन केंद्रों पर शिकायतों की जांच करने के लिए कलेक्टर श्रीमती अदिति गर्ग ने हाल ही में गरोठ रोड स्थित सिद्धि विनायक वेयरहाउस और विनायक वेयरहाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने गेहूं की खरीदी व्यवस्था, वेयरहाउस की भंडारण क्षमता, तोल कांटे की कार्यप्रणाली और सर्वेयर द्वारा गुणवत्ता परीक्षण की प्रक्रिया का जायजा लिया।











