यमुनानगर, 01 अप्रैल।
यमुनानगर जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य बनी हुई है और किसी भी तरह की कमी नहीं है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से शांत रहने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। सभी आवश्यक ईंधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और आमजन को किसी तरह की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
उपायुक्त प्रीति ने बताया कि जिले की गैस एजेंसियां समय पर घरेलू उपभोक्ताओं तक सिलेंडर पहुंचा रही हैं। बुकिंग के दो से तीन दिन के भीतर डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अनुरोध किया कि केवल वास्तविक जरूरत के अनुसार ही सिलेंडर बुक करें और किसी भी तरह की अनावश्यक भीड़ न जमा करें। अफवाहें वितरण व्यवस्था पर दबाव डाल सकती हैं, इसलिए संयम बरतना जरूरी है।
उपायुक्त ने वैकल्पिक ऊर्जा साधनों के उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने लोगों से PNG गैस, इंडक्शन चूल्हा और सौर ऊर्जा आधारित कुकिंग सिस्टम अपनाने का आग्रह किया, ताकि एलपीजी गैस पर निर्भरता कम हो और सभी उपभोक्ताओं को समय पर आपूर्ति मिल सके।
जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त कार्यालय में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। नागरिक सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक दूरभाष नंबर 01732-237800 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभाग के अधिकारी ड्यूटी पर तैनात हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग नियमों के खिलाफ है। जिले में सात विशेष टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सिलेंडर जब्त करने सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी।










