भोपाल, 03 अप्रैल 2026।
भोपाल। रसोई गैस की लगातार हो रही किल्लत को देखते हुए राज्य सरकार ने आम जनता को राहत देने के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब करीब पांच साल बाद प्रदेश में केरोसिन की आपूर्ति फिर से शुरू की जाएगी, जो रसोई गैस के विकल्प के रूप में उपलब्ध होगा।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अनुसार, भारत सरकार से प्रदेश को कुल 10 लाख लीटर केरोसिन का आवंटन मिला है। वितरण पूरी तरह से मांग आधारित होगा और जिलों के कलेक्टर आवश्यकता के अनुसार इसकी मांग भेजेंगे। इसके बाद पात्र परिवारों को प्रति माह तीन लीटर तक केरोसिन उपलब्ध कराया जाएगा।
उज्ज्वला योजना लागू होने के बाद सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) से केरोसिन का वितरण बंद हो गया था। लेकिन हालिया अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और गैस की अनियमित आपूर्ति को देखते हुए इसे पुनः शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए ऑयल कंपनियां सक्रिय हो गई हैं। पुराने नेटवर्क के साथ-साथ अब प्रत्येक जिले में चयनित पेट्रोल पंपों के माध्यम से भी केरोसिन उपलब्ध कराया जाएगा। इसकी संभावित कीमत 65 से 70 रुपये प्रति लीटर हो सकती है।
सरकार का कहना है कि यह कदम खासतौर से उन परिवारों के लिए राहतदायक होगा, जो गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमत या अनियमित उपलब्धता से प्रभावित हैं।



.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)


