उज्जैन, 07 अप्रैल।
मध्य प्रदेश के उज्जैन में सोमवार रात गेबी हनुमान क्षेत्र में तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। सौभाग्य से इस हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। स्थानीय लोगों की सतर्कता और तुरंत की गई बचाव व्यवस्था से बड़ा नुकसान टल गया।
घटना महाकाल मंदिर की ओर जाने वाले प्रमुख मार्ग पर हुई, जहां भक्तगण नियमित रूप से गोपाल मंदिर, शिप्रा नदी और महाकाल मंदिर की ओर जाते हैं। सोमवार शाम मकान झुकने लगा था, जिसे देखते हुए लोगों ने सड़क खाली कर दी। रात करीब सवा 7 बजे मकान गिर गया। यदि समय पर आवाजाही नहीं रोकी जाती, तो गंभीर नुकसान हो सकता था।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, नगर निगम द्वारा ढाबा रोड पर सड़क चौड़ीकरण और नाले की खुदाई के दौरान मकान की नींव कमजोर हुई। मकान मालिक मनोज भावसार और अन्य ने पोकलेन मशीन से चल रही तोड़फोड़ के कारण इस दुर्घटना का आरोप लगाया।
जीवाजीगंज सीएसपी पुष्पा प्रजापति ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली और जीवाजीगंज पुलिस फोर्स तुरंत मौके पर पहुंची और सड़क को बंद कर दिया। मलबा हटाने के लिए नगर निगम की टीम को बुलाया गया।
नगर निगम के एडिशनल कमिशनर संतोष टेगोर ने कहा कि रोड चौड़ीकरण के दौरान जर्जर मकान को सुरक्षा के साथ हटाया जा रहा था। मौके पर बैरिकेडिंग और पुलिस तैनाती की गई। जिन मकानों का 75 प्रतिशत हिस्सा प्रभावित हुआ है, उन्हें मुआवजा दिया जाएगा, जबकि बाकी मकानों की स्थिति का आकलन किया जा रहा है।




.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
