मध्य प्रदेश
07 Apr, 2026

मध्य प्रदेश को सड़क विकास की बड़ी सौगात, फोरलेन परियोजनाओं को मिली मंजूरी

मध्य प्रदेश को केंद्रीय सरकार से मिली सड़क परियोजनाओं की मंजूरी से फोरलेन और लिंक रोड का विस्तार होगा, यातायात सुगम होगा, निवेश बढ़ेगा और पर्यटन-औद्योगिक विकास को बल मिलेगा।

भोपाल, 07 अप्रैल

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि बीता सप्ताह मध्य प्रदेश के लिए बेहद शुभ रहा, क्योंकि केंद्र सरकार ने राज्य को कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति प्रदान की है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश को फोरलेन मार्गों और संपर्क सड़कों के रूप में महत्वपूर्ण सौगातें मिली हैं, जिससे विकास की गति और तेज होगी।

मुख्यमंत्री के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग 46 के इटारसी-बैतूल सेक्शन में 758 करोड़ रुपये की लागत से 22 किलोमीटर लंबे टाइगर कॉरिडोर को मंजूरी दी गई है। यह परियोजना न केवल यातायात को सुगम बनाएगी, बल्कि वन क्षेत्र और पर्यटन गतिविधियों को भी नया आयाम देगी।

इसके साथ ही निवाड़ी (मध्य प्रदेश) और झांसी (उत्तर प्रदेश) को जोड़ने वाले 15.6 किलोमीटर लंबे फोरलेन दक्षिणी बाइपास के निर्माण को भी स्वीकृति मिली है। इसके अलावा बंगाय खास से ओरछा तिगेला मार्ग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग 44 और राष्ट्रीय राजमार्ग 39 को जोड़ने वाली लिंक रोड के निर्माण के लिए 631.73 करोड़ रुपये की मंजूरी प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से प्रदेश में व्यापार, उद्योग और पर्यटन को व्यापक बढ़ावा मिलेगा। बेहतर सड़क संपर्क से माल परिवहन आसान होगा और निवेश के नए अवसर भी विकसित होंगे। साथ ही, ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच सुगम होने से पर्यटन उद्योग को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने इन महत्वपूर्ण स्वीकृतियों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं से प्रदेश के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी और आम जनता को सीधा लाभ पहुंचेगा।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

16° / 26°

Rainy

ट्रेंडिंग न्यूज़